Smriti Mandhana बनीं टीम इंडिया की नई ‘ऑल-फॉर्मेट’ कप्तान

खेल नॉनस्टॉप, नई दिल्ली (8 अक्टूबर): भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में मंगलवार का दिन एक बड़े बदलाव के रूप में दर्ज हो गया है। लगभग एक दशक तक भारतीय टीम का नेतृत्व करने वाली सफल कप्तान हरमनप्रीत कौर के पद छोड़ने के निर्णय के तुरंत बाद, BCCI ने स्टार सलामी बल्लेबाज Smriti Mandhana को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का नया पूर्णकालिक कप्तान (All-Format Captain) नियुक्त कर दिया है।

अब टेस्ट, वनडे और टी20—तीनों ही प्रारूपों में टीम इंडिया की कमान 30 वर्षीय मंधाना के हाथों में होगी। चयनकर्ताओं का यह निर्णय भारतीय महिला क्रिकेट को एक नई दिशा और युवा ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया प्रतीत होता है।

टीम के लिए नया नहीं है मंधाना का नाम

मंधाना के लिए यह बड़ी जिम्मेदारी बिल्कुल नई नहीं है। साल 2013 में अपने डेब्यू के बाद से वह भारतीय टीम की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रही हैं और लंबे समय तक हरमनप्रीत कौर की उपकप्तान के रूप में टीम को संभालती आई हैं। भारत के लिए मंधाना पहले भी कार्यवाहक कप्तान के तौर पर 18 टी20 और 4 वनडे मैचों में कप्तानी कर चुकी हैं, जिसमें से उन्होंने 15 मैचों में भारत को जीत दिलाई है।

इसके अलावा, महिला प्रीमियर लीग (WPL) में Royal Challengers Bengaluru (RCB) की कप्तान रहते हुए उन्होंने अपनी सूझबूझ से टीम को 2024 और 2026 में दो बार चैंपियन बनाया है। मुश्किल समय में सही फैसले लेने का उनका यही अनुभव अब भारतीय टीम के काम आएगा।

दिग्गज खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए कप्तानी छोड़ने की घोषणा की। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह एक  खिलाड़ी के तौर पर टीम के साथ निरंतर बनी रहेंगी। कप्तानी का कार्यभार संभालने के पश्चात स्मृति मंधाना ने हरमनप्रीत के अविस्मरणीय योगदान की सराहना करते हुए कहा, “भारतीय क्रिकेट टीम का नेतृत्व करना मेरे लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का विषय है। मैं हरमनप्रीत दी को भारतीय क्रिकेट जगत में उनके बेमिसाल और ऐतिहासिक योगदान के लिए हृदय से धन्यवाद देती हूँ।”

ड्रेसिंग रूम में हरमनप्रीत जैसी मार्गदर्शक की उपस्थिति से मंधाना को मैदान पर रणनीतिक फैसले लेने में निरंतर सहयोग मिलता रहेगा।

Smriti Mandhana
हरमनप्रीत कौर के पद छोड़ने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई ऑल-फॉर्मेट कप्तान चुनी गईं स्मृति मंधाना।

जिम्बाब्वे के खिलाफ ऐतिहासिक श्रृंखला से शुरू होगा नया मिशन

पूर्णकालिक कप्तान के रूप में स्मृति मंधाना की पहली बड़ी परीक्षा जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी घरेलू श्रृंखला में होगी। यह अत्यंत रोचक तथ्य है कि भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच क्रिकेट इतिहास में प्रथम बार कोई द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला आयोजित की जा रही है। मंधाना की सहायता के लिए चयनकर्ताओं ने एक सुदृढ़ कोर टीम का गठन किया है, जिसमें टी20 प्रारूप के लिए शैफाली वर्मा और एकदिवसीय (ODI) प्रारूप के लिए दीप्ति शर्मा को उपकप्तानी का दायित्व सौंपा गया है।

भारत बनाम जिम्बाब्वे श्रृंखला का आधिकारिक कार्यक्रम:

श्रृंखला का शुरूआत 16 अक्टूबर से रायपुर के मैदान पर टी20 मुकाबलों के साथ होगा, जिसके पश्चात एकदिवसीय मैच वडोदरा में खेले जाएंगे:

  •  पहला टी20 मैच: 16 अक्टूबर, रायपुर (शाम 7:00 बजे)
  •  दूसरा टी20 मैच: 18 अक्टूबर, रायपुर (शाम 7:00 बजे)
  •  तीसरा टी20 मैच: 20 अक्टूबर, रायपुर (शाम 7:00 बजे)
  •  पहला वनडे मैच: 23 अक्टूबर, वडोदरा (दोपहर 2:00 बजे)
  •  दूसरा वनडे मैच: 25 अक्टूबर, वडोदरा (दोपहर 2:00 बजे)
  •  तीसरा वनडे मैच: 28 अक्टूबर, वडोदरा (दोपहर 2:00 बजे)

एक आक्रामक और परिपक्व बल्लेबाज से भारत की नियमित कप्तान बनने तक का यह सफर मंधाना के क्रिकेटिंग करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट है। जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले इन आगामी मैचों में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें केवल उनकी उत्कृष्ट बल्लेबाजी पर ही नहीं, बल्कि मैदान पर उनके द्वारा किए जाने वाले रणनीतिक बदलावों और निर्णयों पर भी निगाहें रहेंगी।

———————- समाप्त ———————

यह भी पढ़े: Harmanpreet Kaur ने छोड़ी कप्तानी, अब किसे मिलेगी टीम इंडिया की कमान?

Leave a Comment