खेलनॉनस्टॉप, नई दिल्ली: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से ठीक पहले न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पहले रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हुए और अब डेवोन कॉनवे भी पहले वनडे में नहीं खेल पाएंगे। अभ्यास के दौरान मैट हेनरी से टकराने के बाद कॉनवे को कनकशन(शिर में चोट) हुआ है। लगातार तीन अहम बल्लेबाजों की अनुपलब्धता ने पहले मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की तैयारी को प्रभावित किया है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड अपने घरेलू मैदान पर सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगा, लेकिन मुकाबले से पहले टीम का बल्लेबाजी संयोजन बदलना पड़ा है।
अभ्यास के दौरान चोटिल हुए डेवोन कॉनवे
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, मंगलवार को ईडन पार्क में अभ्यास के दौरान कैच लेने की कोशिश में डेवोन कॉनवे और मैट हेनरी आपस में टकरा गए। इस घटना के बाद दोनों खिलाड़ियों की मेडिकल जांच की गई। जांच में कॉनवे को कनकशन (शिर में चोट) होने की पुष्टि हुई, जिसके कारण उन्हें भारत के खिलाफ पहले वनडे से बाहर कर दिया गया है। फिलहाल उनकी पूरी सीरीज से बाहर होने की पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी तरफ मैट हेनरी की फिटनेस पर भी टीम की मेडिकल इकाई नजर रख रही है।
कॉनवे का बाहर होना न्यूजीलैंड के लिए बड़ी समस्या बन सकती है, क्योंकि वह टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज हैं। उनकी अनुपस्थिति में टिम सीफर्ट को पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है। हालांकि, अंतिम एकादश का फैसला टीम प्रबंधन ही करेगा।
रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन की कमी भी खलेगी
कॉनवे की चोट से पहले न्यूजीलैंड को रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन के बाहर होने का झटका लग चुका था। दोनों खिलाड़ी भारत के खिलाफ पूरी पांच मैचों की वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे। रचिन रवींद्र के दाएं कंधे में चोट है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, वह अभी पूरी क्षमता से क्षेत्ररक्षण करने की स्थिति में नहीं हैं। आगामी टेस्ट सीरीज को देखते हुए टीम प्रबंधन ने उनकी वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करने का फैसला किया है।
वहीं, मार्क चैपमैन बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। उनकी फिटनेस में पूरी तरह सुधार के लिए लगभग दो सप्ताह के अतिरिक्त आराम की जरूरत बताई गई है। इन दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से न्यूजीलैंड के मध्यक्रम पर भी असर पड़ेगा। रचिन बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में योगदान देते हैं और चैपमैन मध्यक्रम में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं।
न्यूजीलैंड ने टीम में किए बदलाव
लगातार चोट की समस्या के बीच न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में कुछ बदलाव भी किए हैं। हेनरी निकोल्स को पहले तीन वनडे के लिए शामिल किया गया है। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो मुकाबलों के लिए टीम का हिस्सा होंगे। टिम सीफर्ट को अब पूरी वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध कराया गया है। वह पहले केवल आखिरी दो मुकाबलों के लिए चुने गए थे। इसके अलावा मैट हेनरी की फिटनेस पर फैसला उनकी मेडिकल जांच के बाद लिया जाएगा।
अब कप्तान मिचेल सैंटनर और कोच रॉब वाल्टर के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही बल्लेबाजी संयोजन तैयार करने की होगी। टॉम लैथम, डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स जैसे खिलाड़ियों पर टीम को संभालने की जिम्मेदारी बढ़ सकती है।
क्या भारतीय टीम उठा पाएगी इस मौके का फायदा?
न्यूजीलैंड की चोटों ने भारतीय टीम के लिए मुकाबले से पहले एक मौका जरूर बनाया है। लेकिन घरेलू मैदान पर खेलने वाली टीम को कमजोर आंकना भारत के लिए भी सही नहीं होगा। न्यूजीलैंड के पास अनुभवी खिलाड़ी हैं और टीम अपने दर्शकों के सामने बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी।
अब सबकी नजर 4 नवंबर को होने वाले पहले वनडे पर रहेगी। भारत जहां सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगा, वहीं न्यूजीलैंड बदले हुए संयोजन के साथ मैदान पर उतरेगा। देखना दिलचस्प होगा कि चोटों से परेशान मेजबान टीम इस चुनौती का सामना किस तरह करती है।
यह भी पढ़े : क्रिकेट जगत में सन्नाटा: Kane Williamson ने अचानक किया संन्यास का ऐलान
The conversation